इंदौर
बाणगंगा थाना क्षेत्र के रेवतीरेंज क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक घर में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आने से ४५ वर्षीय व्यक्ति की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतक पेट्रोल पंप पर कर्मचारी थे। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। बताते है कि मृतक राकेश पिता ओंकार शर्मा (४५) निवासी रेवतीरेंज है। गुरुवार रात राकेश का बड़ा बेटा सड़क हादसे का शिकार हो गया था, जिसके पैर में फैक्चर आया था। राकेश पूरी रात अस्पताल में बेटे के पास रुके थे और देर रात ही घर लौट थे। परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में ही थे, जबकि एक छोटा बेटा दादा के घर पर था। राकेश घर में अकेले थे। सुबह जब पड़ोसियों ने घर से धुआं निकलते देखा, तो तुरंत राकेश
के पिता ओंकार शर्मा को सूचना दी और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक राकेश की मौत हो चुकी थी। बाणगंगा पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडर की नली जली हुई अवस्था में पाई गई है। प्रारंभिक तौर
पर आशंका जताई जा रही है कि सुबह उठने के बाद जब राकेश ने चाय बनाने के लिए गैस चालू की होगी तभी रिसाव की वजह से आग भभक गई होगी। हालांकि, आग लगने के पुख्ता कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। बाणगंगा पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर लिया गया है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग लगने की असली वजह क्या थी।
