
इंदौर
इंदौर शहर को यातायात सुविधा एवं शहरी विकास के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में इंदौर को शास्त्री ब्रिज एवं आरटीओ–केसरबाग रोड पर दो महत्वपूर्ण रेलवे ब्रिज की सौगात मिलने जा रही है। इन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय में सांसद शंकर लालवानी की अध्यक्षता में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शास्त्री ब्रिज एवं आरटीओ–केसरबाग रोड पर प्रस्तावित रेलवे ब्रिज के निर्माण कार्य, तकनीकी पहलुओं, भूमि समन्वय, यातायात प्रबंधन एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई। सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि शास्त्री ब्रिज इंदौर शहर की वर्षों पुरानी यातायात समस्या के समाधान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। इन महत्वपूर्ण दोनों ब्रिज़ से शहरवासियों को ट्राफिक जाम से राहत मिलेगी। आवागमन सुगम होगा तथा औद्योगिक व व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इंदौर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों के लिए आधारभूत संरचना को मजबूत करने हेतु निरंतर कार्य कर रही है। बैठक में महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नगर निगम इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में रेलवे एवं जिला प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने भूमि एवं प्रशासनिक समन्वय से संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा तकनीकी त्रुटियो व शेष कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। विधायक मधु वर्मा एवं रमेश मेंदोला ने कहा कि ब्रिज के निर्माण से शहर के विभिन्न क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा और नागरिकों का समय व ईंधन दोनों की बचत होगी। निगमायुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने नगर निगम स्तर पर आवश्यक तैयारियों एवं समन्वय की जानकारी दी। पश्चिम रेलवे मंडल की ओर से श्री धीरज कुमार एवं अंकुर सिंह ने परियोजनाओं की तकनीकी रूपरेखा, प्रस्तावित डिजाइन एवं निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी। अंत में सांसद शंकर लालवानी ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि इन दोनों ब्रिज का निर्माण इंदौर के समग्र विकास को नई दिशा देगा और शहर को एक आधुनिक व सुगम यातायात व्यवस्था प्रदान करेगा।
