निवेशकों को एक ही जगह सुनिश्चित होगी सभी सुविधाएं
सरल और सुविधाजनक रूप से सेवाएं देने के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी रहेगा
कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

इंदौर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इंदौर में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेशकों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय में निवेश प्रोत्साहन केन्द्र की स्थापना की गई है। इस केन्द्र की व्यवस्थाओं को और अधिक उपयोगी, पारदर्शी और निवेशक-हितैषी बनाया जाएगा। साथ ही ऑनलाइन पोर्टल की सुविधाएं भी इसी केन्द्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उद्योग स्थापित करने से जुड़ी सभी प्रकार की अनुमतियां, लाइसेंस एवं क्लीयरेंस सरल, त्वरित और एक ही मंच पर मिल सकें। यह जानकारी आज यहां कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में संपन्न हुई निवेश प्रोत्साहन को बढ़ावा देने संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक में दी गई। बैठक में निवेश प्रोत्साहन केन्द्र के प्रभारी एवं संयुक्त कलेक्टर श्री प्रदीप सोनी, संयुक्त संचालक उद्योग श्री एस.एस. मंडलोई सहित उद्योग संघों के अध्यक्ष/सचिव, प्रमुख उद्योगपति, संबंधित अधिकारीगण एवं अन्य हितधारक आदि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में जिले में औद्योगिक विकास को नई गति दी जा रही है। निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए जिले में अनुकूल वातावरण है। निवेशकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए जिले में निवेशकों की सभी सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है। उद्योग लगाने संबंधी एक ही जगह पर सभी औपचारिकताएं पूर्ण हो सके इसको देखते हुए निवेश प्रोत्साहन केन्द्र की स्थापना कलेक्टर कार्यालय में की गई है। अब ऑनलाईन पोर्टल भी बनाया जा रहा है। बताया गया कि निवेश प्रोत्साहन केन्द्र के माध्यम से निवेशकों को अनेक सुविधाएं प्रदान की जा रही है। परियोजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन, परामर्श और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सहायता, एकल खिड़की प्रणाली (Single Window System) के माध्यम से उद्योगों के लिए सभी प्रकार की अनुमतियों, लाइसेंस और क्लीयरेंस एक ही मंच पर उपलब्ध कराना, राज्य सरकार की सब्सिडी, कर में छूट एवं अन्य प्रोत्साहनों की जानकारी प्रदान करना, औद्योगिक परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि, बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना आदि कार्य निवेश प्रोत्साहन केन्द्र में माध्यम से किए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे औद्योगिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, विशेषकर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक उपाय अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने उद्योगों में दूषित जल के समुचित निपटारे की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ सतत औद्योगिक विकास सुनिश्चित किया जा सके।
