इंदौर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर राज्य शासन द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाये जाने का निर्णय लिया गया है। इसी उपलक्ष्य में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में आज शनिवार को किसानों के सम्मान में “दुपहिया कृषक जागरूकता रैली” का आयोजन किया गया। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा आयोजित यह रैली कलेक्टर कार्यालय से जैविक हाट बाजार ढक्कन वाला कुआँ तक निकाली गई।
अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार द्वारा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली का संचालन उप संचालक कृषि श्री सी. एल. केवडा द्वारा किया गया। उक्त वाहन रैली का पलसीकर चौराहा पर बीज एवं कीटनाशक विक्रेता संघ के अध्यक्ष श्री दिलीप बाकलीवाल, सचिव गुरविन्दर टुटेजा के नेतृत्व में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। वाहन रैली का सपना संगीता चौराहा पर जागरूक कृषि आदान विक्रेता संघ के अध्यक्ष श्री कृष्णा दुबे के नेतृत्व में, अनाज मण्डी नवलखा छावनी के व्यापारी संघ द्वारा अग्रसेन चौराहा पर तथा फूल मंडी व्यापारी संघ द्वारा जी.पी.ओ. चौराहा पर स्वागत किया गया। रैली का समापन ग्रामीण हाट बाजार ढक्कन वाला कुआँ इंदौर पर हुआ।
इस दौरान उप संचालक कृषि श्री सी. एल. केवडा ने कृषकों को प्राकृतिक खेती के बारे में तथा शासन द्वारा वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाये जाने के संबंध में जानकारी दी। जागरूकता रैली में बड़ी संख्या में कृषको ने भाग लिया। साथ ही कार्यक्रम को जिले के उन्नतशील कृषक श्री गजानंद खादीवाला, श्री अरविन्द राठौर, श्री राजेन्द्र सिंह, श्री जितेन्द्र पाटीदार, श्री आनंद सिंह ठाकुर द्वारा संबोधित किया गया।
