
चंद घंटों में ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
इंदौर।
शहर के मशहूर कव्वाल आफताब कादरी के 13 साल के बेटे अली की बेरहमी से सिर में वार और गला घोटकर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज मामले में पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी रेहान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने शव को पलंग पेटी में छिपा दिया और बाद में ठिकाने लगाने वाला था।
मासूम बच्चे की सनसनीखेज हत्या की घटना एमआईजी थाना क्षेत्र के श्रीनगर कांकड़ इलाके में स्थित देवश्री अपार्टमेंट में हुई। टीआई सीबी सिंह ने बताया कि अली के परिजन शनिवार रात थाने पहुंचे थे और अली के लापता होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शाम से ही अली घर नहीं आया है।
फुटेज में दिखा
पुलिस को परिजनों ने बताया कि रात में बच्चे के चिल्लाने की आवाज आई थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने भी यह बात बताई। मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया और एक बालक की तलाश के एक टीम श्रीनगर पहुंची। जांच में पुलिस को एक मल्टी के सीसीटीवी कैमरों में अली मल्टी में जाता तो दिखा, लेकिन बाहर आते नजर नहीं आया।
दोस्त के साथ गया था
टीआई के मुताबिक फुटेज में एक बालक अली के साथ दिखाई दिया। उससे पूछताछ की तो उसने बताया मैं तो वापस आ गया था, अली का पता नहीं। वहीं अन्य स्थानों के फुटेज में वह साइकिलिंग करते भी दिखा था।
जैकेट मिली, खून लगा था
सुबह पुलिस फिर अली तलाश करते हुए सर्चिंग की। इस दौरान मल्टी की छत पर पहुंची तो यहां खून से सनी जैकेट मिली इससे अनहोनी का शक गहरा गया। वहीं मल्टी पीछे कचरे के ढेर में बैग मिला था।
साथ में आरोपी
टीआई ने बताया कि पुलिस जब पूछताछ और बच्चे की तलाश कर रही थी, तब आरोपी रेहान (21) पुलिस के साथ घूम रहा था। उसके हाव-भाव देखकर उस पर शंका हुई। इस पर पुलिस ने सख्ती की तो आरोपी रेहान पिता अब्दुल साकिर की तो वह टूट गया और अली की हत्या करना कबूला। उसने यह भी बताया कि लाश को उसने फ्लैट में छिपाया है।
ऐसे की हत्या
रेहान ने पुलिस को बताया कि वह अपने एक नाबालिग के साथ मल्टी की छत पर गया था, वहां पर अली भी था। उसने अली पर पहले ईट से वार किया, वह चिल्लाया तो रस्सी से गला दबा दिया।
पलंग पेटी में मिली लाश
बाद में रेहान ने अली का शव अपने फ्लैट में ही पलंग पेटी में छिपा दिया। वह शव को बाद में ठिकाने लगाने वाला था, लेकिन उसके पहले ही पकड़ा गया। पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के लिए भेजा है। माना जा रहा है कि आरोपी रेहान बालक के साथ गलत काम करने वाला था और शोर मचाने पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस रेहान के साथी का पता लगा रही है। जल्दी ही उसे भी गिरफ्त में लिया जाएगा।
आरोपी का भाई जेल में है
पुलिस के अनुसार रेहान परिवार के साथ फ्लैट में रहता है। जहां उसकी मां, बुजुर्ग दादी और दो-तीन भाई हैं। उसका एक भाई हत्या के मामले में जेल में बंद है।
