इंदौर ।
बाणगंगा थाना क्षेत्र के वाल्मीकि नगर में आपसी रंजिश के चलते एक नाबालिग और उसके साथी ने मिलकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक का रास्ता रोककर पहले गालीगलौज की और फिर विरोध करने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक लहूलुहान हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना वाल्मीकि नगर की एक गली में हुई। घायल विक्रम पिता दिलीप सूर्यवंशी (३१) ने बताया कि वह रास्ते से गुजर रहा था, तभी इलाके के ही एक १७ वर्षीय नाबालिग और उसके साथी ने उसे रोक लिया। दोनों पुराने झगड़े की बात को लेकर उसे गालियां देने लगे। जब विक्रम ने आपत्ति जताई, तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और नाबालिग ने अपनी पैंट की जेब से चाकू निकालकर विक्रम के पेट और जांघ पर वार कर दिया। विक्रम की चीख-पुकार सुनकर उसके परिवार के लोग बाहर आए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। भागते समय आरोपियों ने धमकी दी कि ‘आज तो बच गया, आइंदा उलझा तो जान से खत्म कर देंगे।’ बाणगंगा पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
