
इंदौर । श्री अग्रसेन महासभा के पूर्व अध्यक्ष, सीए शाखा इंदौर एवं टैक्स प्रैक्टिशनर्स एसो इंदौर के पूर्व अध्यक्ष सीए एसएन गोयल ने वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट को विकसित भारत की उड़ान को नए पंख देने वाले बजट निरुपित किया है।बजट के अवलोकन के बाद सोमवार को उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए समाज बंधुओं को स्पष्ट किया कि वित्त मंत्री ने इस बजट में फार्मास्यूटिकल उद्योग, क्रिएटिव तकनीकी विकास, खेलों इंडिया, दिव्यांगों के लिए सहारा योजना सहित अनेक ऐसे प्रस्ताव रखे हैं जो समाज के सभी वर्गों के लिए दूरगामी नतीजे देने वाले साबित होंगे। केमिकल पार्क की स्थापना से लेकर करारोपण व्यवस्था के सरलीकरण और आयकर अधिनियम के सरलीकरण सहित अनेक ऐसे कदम इस बजट में उठाए गए हैं जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक के नए भारत के स्वप्न के अनुरूप नतीजे देने वाले साबित होंगे। समाज के मजदूर, किसान, युवा, बुजुर्ग से लेकर हर वर्ग के लिए श्रीमती सीतारमण ने बहुत सोच-समझकर देश के नवनिर्माण की परिकल्पना को मूर्त रूप देने का प्रयास किया है।
