शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय के वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

इंदौर
उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल रविवार को इंदौर के शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय के वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए। एमजीएम मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले टॉपर विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक श्री गोलू शुक्ला, पार्षद पंखुड़ी डोसी, महाविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ.हर्ष चंसोरिया, डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, प्राचार्य डॉ. अलका गुप्ता, श्री दीपक जैन आदि मौजूद थे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सम्बोधित करते हुए कहा कि आज मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि मैं शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय इंदौर के वार्षिक समारोह में उपस्थित हूँ। उन्होंने आगे कहा कि खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियाँ केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व और आत्मविश्वास—ये सभी गुण ऐसे आयोजनों से विकसित होते हैं, जो भविष्य में आपको एक बेहतर चिकित्सक ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक भी बनाते हैं। श्री शुक्ल ने कहा कि मैं विजेता प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देता हूँ तथा उन विद्यार्थियों की भी सराहना करता हूँ जिन्होंने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ सहभागिता की। हार और जीत जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन प्रयास और अनुभव ही हमें आगे बढ़ना सिखाते हैं। उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों, आयोजन समिति तथा समस्त स्टाफ को इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया और कार्यक्रम की सराहना की। श्री शुक्ल ने अंत में कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि यहाँ से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा देंगे और समाज के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका गुप्ता ने बताया कि शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय का शुभारंभ 1961 में हुआ था। वर्तमान में यहां प्रतिदिन 700 से अधिक दंत रोगियों को उपचार दिया जा रहा है। इस वर्ष बीडीएस की सीटें भी दोगुनी करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
—-
