इंदौर। तुलसी नगर स्थित मां सरस्वती धाम परिसर में श्री राम दरबार मंदिर का दो दिवसीय प्रथम प्राण प्रतिष्ठा स्थापना दिवस समारोह पूर्ण धार्मिक आस्था, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह के प्रथम दिन मंदिर शिखर पर विधिवत मंत्रोच्चार के बीच अभिमंत्रित ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। सायंकाल मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भक्ति भाव से श्रीराम की स्तुति की।दूसरे दिन प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं श्रीरामायण जी का सामूहिक पाठ संपन्न हुआ। सायंकाल विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की।यह आयोजन श्री तुलसी सरस्वती सोशल वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश तोमर सहित संजय यादव, राकेश जायसवाल, शम्भुनाथ सिंह, बसंत नायक एवं विवेक शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर श्री राम दरबार मंदिर सहित सम्पूर्ण सरस्वती धाम परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा एवं भव्य विद्युत सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिसने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया।समारोह के दौरान सम्पूर्ण परिसर “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं में गहरी आध्यात्मिक अनुभूति देखने को मिली।

