इंदौर, 03 फरवरी 2026
मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित एवं एन.सी.एच.एम.सी.टी., नोएडा से मान्यता प्राप्त स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (एस.आई.एच.एम.) इंदौर होटल उद्योग में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक प्रमुख संस्थान के रूप में उभर रहा है। राऊ स्थित यह संस्थान जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम प्रदान करता है। साथ ही इंदौर भारत का सबसे स्वच्छ शहर होने के साथ यहाँ सौम्य जलवायु, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी, आईआईटी–आईआईएम जैसे शीर्ष स्तरीय शैक्षणिक केंद्र, कम जीवन-व्यय तथा विकसित होटल उद्योग के कारण विद्यार्थियों की पहली पसंद बना हुआ है। उज्जैन–ओंकारेश्वर की निकटता और व्यावसायिक गतिशीलता भी इंदौर शहर की प्रमुख विशेषता है।
यह जानकारी देते हुए स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट इंदौर के प्राचार्य डॉ. वी.के. सिंह ने बताया कि संस्थान द्वारा तीन वर्षीय बीएससी हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन पाठ्यक्रम पूर्ण करने पर जेएनयू द्वारा मान्यता प्राप्त डिग्री प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त उक्त संस्थान द्वारा 6 माह के डिप्लोमा पाठ्यक्रम- जिसमें फूड प्रोडक्शन, बेकरी एंड कंफेक्शनरी, फूड एंड बेवरेज सर्विस, हाउसकीपिंग, फ्रंट ऑफिस में तथा 10वीं पास विद्यार्थियों के लिए 6 माह का क्राफ्ट्समैनशिप सर्टिफिकेट कोर्स भी करवाया जाता है। स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट इंदौर की प्रमुख विशेषता चौथे सेमेस्टर में 6 माह की विदेशी इंटर्नशिप का विकल्प, 100 प्रतिशत कैंपस प्लेसमेंट (ओबेरॉय, ताज, आईटीसी, मैरियट, रिलायंस आदि), अनुभवी फैकल्टी, आधुनिक सुविधाओं से युक्त छात्रावास(छात्र-छात्राओं के लिए), वाई-फाई एवं परिवहन व्यवस्था शामिल हैं। आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए मध्यप्रदेश शासन की छात्रवृत्ति सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
उक्त संस्थान में सत्र-2026 में प्रवेश हेतु प्रक्रिया 25 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हो चुकी है। वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संस्थान स्तर पर डायरेक्ट एडमिशन की सुविधा भी उपलब्ध है। एनटीए द्वारा जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) आगामी 25 अप्रैल 2026 को ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। जिसमें सीबीटी पैटर्न (200 अंक) में न्यूमेरिकल एबिलिटी, रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, इंग्लिश एवं सर्विस सेक्टर एप्टीट्यूड के प्रश्न शामिल हैं।
प्राचार्य ने बताया कि संस्थान में सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के अंतर्गत सांस्कृतिक उत्सव, खेलकूद, विभिन्न प्रतियोगिताएं, इंडस्ट्री विजिट, सेमिनार एवं अतिथि व्याख्यान आयोजित किए जाते हैं। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों को करियर की शुरुआत में मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में 25 हजार रुपये से 30 हजार रुपये तक का वेतन मिलता है, जो अनुभव के साथ असिस्टेंट मैनेजर एवं आगे चलकर जनरल मैनेजर स्तर तक पहुंचता है।
स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट इंदौर से जुड़कर विद्यार्थी हॉस्पिटैलिटी में रुचि, मजबूत कम्युनिकेशन स्किल्स और मेहनत के जज़्बे के साथ होटल उद्योग सहित बैंकिंग, रिटेल, मीडिया, एयरलाइंस, इवेंट्स, हॉस्पिटल और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में भी उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं।
