क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर इंदौर में एक निजी स्टोर के मैनेजर के साथ सायबर ठगी का मामला सामने आया है । भंवरकुआ थाना क्षेत्र में क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर लिंक भेजकर पीड़ित के खाते से करीब 98 हजार रुपए की ठगी की गई । पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात खाताधारकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भंवरकुआ पुलिस के अनुसार कमलेश पांडे निवासी रफेली कॉलोनी बाणगंगा को ठग ने कार्ड की लिमिट बढ़ाने हेतु टेक्स्ट मैसेज की लिंक पर क्लिक करने को कहा उसने ख़ुद को एक्सिस बैंक का अधिकारी बताया । पीड़ित के अनुसार लिंक पर क्लिक करने के बाद एक अन्य लिंक खुला, जिसमें क्रेडिट कार्ड से संबंधित कुछ चार्ज भरने का फॉर्मेट दिखाया गया। जैसे ही उन्होंने उस फॉर्मेट को ओपन किया, उनके बैंक खाते से दो बार में 98 हजार रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर हो गई।
राशि कटते ही पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद साइबर हेल्पलाइन और भंवरकुआ थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात खाताधारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बैंक अधिकारी के नाम पर आने वाली कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार की निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
