इंदौर
लसूडिय़ा क्षेत्र में इंसानियत दिखाने वाले एक युवक और उसके साथी पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। नशे में धुत्त होकर सडक़ पर गिरे बदमाशों को जब युवक ने संभलकर चलने की सलाह दी, तो वे आगबबूला हो गए और ऑफिस में घुसकर मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना चिकित्सक नगर में जाकिर होटल के पास हुई। फरियादी गोविंद पिता रामू कछवाह निवासी जूना रिसाला ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे दो युवक बाइक पर लहराते हुए जा रहे थे और संतुलन बिगडऩे से सडक़ पर गिर पड़े। गोविंद ने मानवता दिखाते हुए उन्हें उठाया और समझाया कि ‘बहुत शराब पी रखी है, आराम से जाना। ऐसी हालत में गाड़ी मत चलाया करो।’ गोविंद की यह नसीहत बदमाशों को नागवार गुजरी और वे गाली-गलौज करने लगे। विवाद से बचने के लिए गोविंद वहां से अपने ऑफिस चला गया। लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों आरोपी एक महिला के साथ गोविंद के ऑफिस जा पहुँचे। वहां उन्होंने शोर मचाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब गोविंद और उसके साथियों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने लात-घूंसों और लोहे के सरिए से उन पर हमला कर दिया।इस हमले में गोविंद का साथी जयेश (24) गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। लसूडिय़ा पुलिस ने गोविंद की रिपोर्ट पर आरोपी बबलू, उसका एक अज्ञात साथी और अनिता निवासी महालक्ष्मी नगर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
