इंदौर
पालदा उद्योग नगर में एक कारखाने में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चद्दर काटने वाली मशीन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। मृतक का नाम लखन पिता बंशीलाल (20), निवासी बाबूलाल नगर पालदा है। वह क्षेत्र की ही एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। मंगलवार को जब वह फैक्ट्री के अंदर चद्दर काटने वाली मशीन पर काम कर रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और हाथ मशीन के कटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि लखन बुरी तरह लहूलुहान हो गया।मशीन की आवाज और लखन की चीख सुनकर फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य मजदूरों में हडक़ंप मच गया। सहकर्मियों ने तुरंत मशीन बंद की और घायल लखन को आनन-फानन में एमवाय अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन घाव गहरे होने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
