चंदन नगर पुलिस की गिरफ्त में मांगनी पड़ी माफी
इंदौर
चंदन नगर थाना पुलिस ने फरार चल रहे शातिर अड़ीबाज बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी न केवल अड़ीबाजी और मारपीट के मामले में वांछित था, बल्कि उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे उसी स्थान पर ले गई जहां उसने वारदात को अंजाम दिया था। वहां आरोपी ने सार्वजनिक रूप से जनता के सामने हाथ जोड़कर अपनी हरकतों के लिए माफी मांगी। पुलिस के अनुसार, यह मामला पिछले साल २२ दिसंबर की रात का है, जब दामोदर नगर निवासी (रौनक कोचले के साथ आरोपी पार्थ उर्फ चाय, राहुल झटका और रोहित मराठा ने अड़ीबाजी करते हुए बेरहमी से मारपीट की थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पार्थ और राहुल झटका को तो पहले ही दबोचकर जेल भेज दिया था, लेकिन रोहित मराठा लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को छका रहा था। टीआई चंदन नगर तिलक करोले के नेतृत्व में गठित टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर रोहित पिता राजेश निर्मल (मराठा) को धर दबोचा। आरोपी मूल रूप से पंचमूर्ति नगर का निवासी है और वर्तमान में द्वारकापुरी क्षेत्र के ऋषि पैलेस में रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि रोहित एक आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध चंदन नगर व छत्रीपुरा थाने में अड़ीबाजी, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में कुल ७ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं जो वर्तमान में विचाराधीन हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसका इलाके से जुलूस भी निकाला गया। इस दौरान बदमाश कान पकड़कर बैठक लगाकर अपराध नही करने की कसम खाता दिखाई दिया।
