इंदौर
एमआईजी थाना क्षेत्र में धार्मिक आयोजन के दौरान हिंसा का मामला सामने आया है। जगजीवन राम नगर में आयोजित एक भंडारे में प्रसाद’ लेने की जिद को लेकर हुए विवाद में तीन सगे भाइयों ने मिलकर मामा और भांजे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटना कल रात करीब १०:४५ बजे संत रविदास मंदिर के पास हुई। फरियादी राकेश सितारे (५०) और उनका भांजा आकाश ठक्कर भंडारे की व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही तीन भाई सन्नी, कालू और बाबू लाखरे वहां पहुँचे और तुरंत पूरी-प्रसाद देने की मांग करने लगे। जब राकेश ने उनसे थोड़ा इंतजार करने को कहा, तो आरोपी भड़क गए। उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि ‘पहले हमें प्रसाद खिलाओ, नहीं तो भंडारा नहीं होने देंगे।’विवाद बढ़ते ही तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लातघूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी सन्नी लाखरे ने जेब से चाकू निकाला और राकेश की जांघ पर वार कर दिया। जब भांजा आकाश अपने मामा को बचाने के लिए बीच में आया, तो आरोपियों ने उसे भी बेरहमी से पीटा और चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। अचानक हुई चाकूबाजी से भंडारे में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही एमआईजी पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
