इंदौर । अग्रवाल नगर निवासी एक व्यक्ति के साथ सिमरोल थाना इलाके की जमीन सौदे के नाम पर लाखों की जालसाजी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने एक ऐसे एग्रीमेंट को दिखाकर सौदा कर लिया जो पहले ही रद्द हो चुका था। पुलिस ने इस मामले में एक दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षडयंत्र का केस दर्ज किया है। फरियादी अरुण बंसल ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात रोशनी वर्मा और राजेश वर्मा से हुई थी। आरोपियों ने खुद को सिमरोल के ग्राम घोंसीखेड़ा की एक जमीन का एग्रीमेंट धारक बताया और भरोसा दिलाया कि जमीन उनकी ही है। इस झांसे में आकर अरुण बंसल ने किस्तों में कुल 29 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए।जब लंबे समय तक रजिस्ट्री नहीं हुई, तो फरियादी ने असली जमीन मालिक संतोष सेलवा से संपर्क किया। तब पता चला कि रोशनी वर्मा और राजेश वर्मा का उस जमीन से कानूनी हक खत्म हो चुका था। उनके बीच हुआ एग्रीमेंट तय समय सीमा में शर्तें पूरी न होने के कारण स्वत: निरस्त हो गया था। इसके बावजूद आरोपियों ने तथ्यों को छिपाकर अरुण बंसल से बड़ी रकम वसूल ली।फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने रोशनी वर्मा और राजेश वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब उन बैंक ट्रांजैक्शन और फर्जीवाड़े में इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है, जिनके आधार पर यह सौदा किया गया था।
