इंदौर
देपालपुर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बड़े भाई की इलाज के दौरान एमवाय अस्पताल में मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल है। दोनों भाई मजदूरी के सिलसिले में झाबुआ से देपालपुर आए थे। मृतक की पहचान राधेश्याम पिता मोतीलाल (30) निवासी ग्राम सतनवदा जिला झाबुआ के रूप में हुई है। राधेश्याम अपने छोटे भाई महेश के साथ देपालपुर क्षेत्र में एक किसान के खेत पर लहसुन निकालने का काम करने आया था। करीब 5 दिन पहले, जब दोनों भाई काम खत्म कर बाइक से बाजार का सामान लेने जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।परिजनों ने बताया कि राधेश्याम और महेश करीब 10 दिन पहले भी काम करने आए थे और फिर वापस गांव चले गए थे। कुछ दिन पहले ही वे दोबारा लौटे थे और खेत के पास ही झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सडक़ पर काफी दूर तक घिसटते चले गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां राधेश्याम की स्थिति नाजुक बनी हुई थी और आखिरकार इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घायल महेश का उपचार अभी जारी है।
