इंदौर
चंदन नगर थाना क्षेत्र में चोरी पकड़े जाने और उसका वीडियो बनाने से नाराज एक बदमाश ने महिला के घर पर हमला कर दिया। आरोपी ने न केवल घर की खिडक़ी में तोडफ़ोड़ की, बल्कि महिला को जान से मारने की धमकी देते हुए मोबाइल से वीडियो डिलीट करने का दबाव भी बनाया। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, ताप्ती परिसर निवासी फरियादिया सीता पति संतोष ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके जेठ प्रकाश चौहान के घर से ‘सोनू’ नामक युवक चोरी-छिपे नल निकाल रहा था तभी प्रकाश चौहान ने उसे रंगे हाथों देख लिया और दोबारा ऐसा न करने की समझाइश देने लगे। इसी दौरान सीता अपने घर की बालकनी से इस पूरे घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो बनाने लगीं।वीडियो बनाते देख आरोपी सोनू वहां से भाग निकला, लेकिन कुछ ही देर बाद वह हाथ में लोहे की रॉड लेकर सीता के घर पहुँच गया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए रॉड से खिडक़ी के कांच और अन्य सामान में तोडफ़ोड़ कर नुकसान पहुँचाया। जब महिला ने घर के अंदर से उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने चिल्लाते हुए कहा ‘तुमने मेरा वीडियो क्यों बनाया? वह वीडियो मुझे दो और मोबाइल से डिलीट करो।’आरोपी ने महिला को धमकाते हुए कहा कि अगर उसने वीडियो डिलीट नहीं किया या भविष्य में दोबारा उसकी हरकतों का वीडियो बनाया, तो वह उसे जान से खत्म कर देगा। घटना के बाद डरी-सहमी महिला ने चंदन नगर थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपी सोनू के विरुद्ध केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
