जल संसाधन मंत्री सिलावट ने अहिल्या गारमेंट सिटी बरलाईजागीर के विकास कार्यों की समीक्षा की
अहिल्या गारमेंट सिटी बरलाईजागीर की स्थापना का कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
इंदौर
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अहिल्या गारमेंट सिटी बरलाईजागीर की स्थापना के संबंध में एम.पी.आई.डी.सी. एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि अहिल्या गारमेंट सिटी सांवेर विधानसभा के बरलाईजागीर में लगभग 44 करोड रुपये की लागत से तैंतीस हैक्टेयर औद्योगिक क्षेत्रफल में स्थापित की जाएगी, जिसमें लगभग तीस हजार नागरिकों को रोजगार मिलेगा। यहां पर लगभग 2 हजार 500 करोड रूपये का निवेश होगा। ग्राम बरलाईजागीर में अहिल्या गारमेंट सिटी की स्थापना होने पर आर्थिक गतिविधियां बढेगी और क्षेत्र का विकास होगा तथा क्षेत्रीय लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के प्रयासों से सहकारिता विभाग से उद्योग विभाग को जमीन हस्तांतरित की गई है। यहां पर अमेजन, अरविन्द लिमिटेड और नोइज जीन्स लिमिटेड जैसी बड़ी कम्पनियों की इकाइयां स्थापित होगी जिसमें वस्त्र निर्माण और लॉजिस्टिक्स भी शामिल रहेगा। मंत्री श्री सिलावट ने हिमाशु प्रजापति कार्यकारी निर्देशक, एम.पी.आई.डी.सी. एवं तहसीलदार श्री विकास रघुवंशी एवं अन्य विभागीय उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अहिल्या गारमेंट सिटी में कारखानों, श्रमिकों के लिए आवास, पुलिस स्टेशन, अस्पताल, अग्निशमन केन्द्र और पार्किंग, प्लांटेशन पार्क, सीएम राईज स्कूल, ड्रेनेज, एसटीपी, संपवेल, स्पोर्ट्स काम्पलेक्स सहित अन्य व्यवस्थाओं की संपूर्ण तैयारियां समय पर पूर्ण करायें। आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 को ध्यान में रखते हुए संपूर्ण तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करायें ताकि क्षेत्र के लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सके। बरलाई जागीर बायपास पर ऐसे स्थान पर स्थित है, जहां से चारों मुख्य मार्ग मुम्बई, आगरा, दिल्ली एवं भोपाल तथा उज्जैन-जावरा होते हुए राजस्थान राज्य तक की कनेक्टिविटी मिलेगी।
