प्रति शनिवार चलेगा क्लीन रेड स्पॉट अभियान
महापौर द्वारा सरवटे परिसर एवं राजवाड़ा से की अभियान की शुरुआत
सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र एवं राजवाड़ा क्षेत्र में भी चलाया क्लीन रेड स्पॉट एवं नो थू-थू अभियान
शहर के समस्त 85 वार्डों में प्रति शनिवार को चलेगा अभियान
आज शहर के विभिन्न स्थानों पर चला अभियान
पहले देंगे समझाइए फिर होगी चालानी कार्रवाई
राहगीरों को वितरित किए स्पीट कप – अभियान को सफल बनाने की अपील
इंदौर

स्वच्छता की पहचान बने इंदौर शहर ने एक बार फिर नवाचार करते हुए स्वच्छता के क्षेत्र में नया कदम उठाया है। स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा आज सरवटे बस स्टैंड एवं राजवाड़ा परिसर से प्रति शनिवार आयोजित किए जाने वाले ‘क्लीन रेड स्पॉट’ अभियान की विधिवत शुरुआत की गई। अभियान के शुभारंभ के पश्चात महापौर श्री भार्गव स्वयं सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र एवं राजवाड़ा मुख्य द्वार क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने रेड स्पॉट को समाप्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर इधर-उधर थूकने से रोकते हुए स्पीट कप/स्पीट बॉक्स में थूकने के लिए समझाइश दी तथा आम नागरिकों को स्पीट कप का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल, पार्षद श्रीमती पंखुड़ी जैन डोषी, सुश्री रूपाली पेंढारकर, अपर आयुक्त प्रखर सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने इस अवसर पर कहा कि देश में 8 बार स्वच्छता में नंबर वन रह चुके इंदौर शहर में आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए आज से प्रत्येक शनिवार को शहर के समस्त 85 वार्डों में ‘क्लीन रेड स्पॉट’ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता की पहचान है और नगर निगम द्वारा स्वच्छता को लेकर निरंतर नवाचार किए जाते रहे हैं। इसी क्रम में रेड स्पॉट के विरुद्ध यह विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। महापौर श्री भार्गव ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत नगर निगम एवं एनजीओ टीम के सदस्यों द्वारा चिन्हित रेड स्पॉट्स की नियमित सफाई की जाएगी, साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वालों को रोका जाएगा एवं नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई भी की जाएगी। ‘नो थू-थू’ एवं ‘क्लीन रेड स्पॉट’ अभियान के अंतर्गत राजवाड़ा क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान महापौर ने राहगीरों से अपील करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करें तथा अपने वाहनों में अनिवार्य रूप से स्पीट बॉक्स रखें। उन्होंने कहा कि इंदौर शहर आप सभी के सहयोग से ही स्वच्छता में लगातार नंबर वन बना हुआ है, और जागरूक नागरिकों के सहयोग से ही शहर को रेड स्पॉट मुक्त बनाया जा सकता है। महापौर श्री भार्गव ने शहरवासियों से अपील की कि वे ‘नो थू-थू’ एवं ‘क्लीन रेड स्पॉट’ अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए नगर निगम का सहयोग करें और इंदौर को पूर्ण रूप से रेड स्पॉट मुक्त बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
शहर के अन्य स्थानों पर भी चला अभियान
नो थू-थू अभियान एवं क्लीन रेड स्पॉट अभियान के अंतर्गत शहर के समस्त 85 वार्डों में अभियान चलाया गया, इस अवसर पर पार्षद श्रीमती संगीता महेश जोशी, श्री प्रशांत बडवे, श्रीमती सोनिला मिमरोट, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, झोनल अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसआई, दरोगा एवं निगम कर्मचारी उपस्थित रहकर अभियान में सम्मिलित हुए।नो थू-थू अभियान एवं क्लीन रेड स्पॉट अभियान के अंतर्गत बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा, विश्राम बाग, मुखर्जी नगर उज्जैन नाका चौराहा, सुपेकर मार्केट चौराहा, राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन, एल आई जी चौराहा, हीरानगर, सुकलिया, लोकमान्य नगर, पलासिया चौराहा सहित शहर के समस्त 85 वार्ड के प्रमुख सार्वजनिक स्थान एवं चौराहा अभियान चलाया गया।
