इंदौर 2040 विज़न की आधारशिला
23 मास्टर प्लान सड़कें बनेंगी हाई-केपेसिटी स्मार्ट नेटवर्क
मंत्री-महापौर ने समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश-“समय सीमा में काम पूरा हो, भविष्य-तैयार सड़कें बनें”

इंदौर।शहर के 2040 मास्टर प्लान को मजबूती देने वाली 23 नई मास्टर प्लान सड़कों की प्रगति पर शनिवार को सिटी बस कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि “सभी सड़कें निर्धारित समय सीमा में पूरी हों और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर हाई-केपेसिटी मानकों के अनुसार तैयार की जाएं।” बैठक में विधायक श्री रमेश मैन्दोला, श्री मधु वर्मा, श्री महेन्द्र हार्डिया, आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, अपर आयुक्त श्री अभय राजनगांवकर, अधीक्षण यंत्री श्री नरेश जायसवाल, श्री पी.एस. कुशवाह, श्री पराग अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
भविष्य की यातायात व्यवस्था के लिए मजबूत रोड नेटवर्क तैयार होगा
मंत्री और महापौर ने कहा कि मास्टर प्लान की ये सड़कें आने वाले वर्षों में मेट्रो, बीआरटीएस, स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम,उद्योग और व्यापारिक विस्तार के लिए आधार ढांचा तैयार करेंगी। यह नेटवर्क इंदौर को 2040 के लिए तैयार शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर सड़क में उन्नत ड्रेनेज सिस्टम, बढ़ी हुई व्हीकल कैपेसिटी,बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी,और आधुनिक सुरक्षा फीचर्स को शामिल किया जाए ताकि ये सड़कें आने वाले दशकों तक शहर का भार संभाल सकें।
पेड़ स्थानांतरण, नर्मदा-सीवरेज लाइन और अतिक्रमण-हर बिंदु पर सख्त समीक्षा
मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि सड़क निर्माण में जो भी बाधाएं हैं जैसे पेड़ स्थानांतरण,आवासीय-व्यावसायिक अतिक्रमण, सेंट्रल लाइनिंग, नर्मदा और सीवरेज लाइन का समन्वय उन्हें समयबद्ध तरीके से हल किया जाए। महापौर ने कहा कि “विभागीय समन्वय की कमी सड़क निर्माण को धीमा नहीं कर सकती। हर विभाग एक टीम की तरह काम करे।”
किन-किन सड़कों की हुई विशेष समीक्षा
समीक्षा में 23 प्रमुख सड़कों की मैप-बेस्ड प्रगति देखी गई, जिनमें
– टीसीएस-एमआर-5 लिंक रोड
– एमआर-10-एमआर-12 लिंक रोड
– मच्छी बाजार-चन्द्रभागा पुल
– जिंसी चौराहा-लक्ष्मीबाई प्रतिमा
– नेमी नाथ चौराहा–जिंसी चौराहा
– सुभाष मार्ग गोल मंदिर-रामबाग पुल
– सांवेर रोड पेट्रोल पंप-शिवशक्ति नगर
– एयरपोर्ट रोड-एमआर-5 लिंक
– एमआर-5 बड़ा बांगड़दा-पीएमएवाय मल्टी
– भमोरी चौराहा-एमआर-10
– राजशाही गार्डन-होटल वॉव
– भागीरथपुरा मुख्य मार्ग
– एडवांस अकैडमी रिंग रोड
– एमआर-9 मालवीय नगर-एलआईजी लिंक
– वीर सावरकर प्रतिमा-अटल द्वार
– नेहरू प्रतिमा-छांवनी पुल
– एबी रोड जीपीओ-सरवटे बस स्टैंड
– जमजम चौराहा-स्टार चौराहा
– मुसाखेड़ी-सांवरिया धाम
– किला मैदान रोड-सदर बाजार
– कंडिलपुरा रोड-इंदौर वायर चौराहा
– रिंग रोड खजराना मंदिर द्वार जमजम
– होटल प्राइड बायपास-सिटी फॉरेस्ट
– आरई-2 जीआरपी लाइन-आरटीओ नायता मुंडला
इन सभी सड़कों की लंबाई-चौड़ाई, चौड़ीकरण में बाधक निर्माण, लाइन शिफ्टिंग, और पेड़ों के स्थानांतरण पर बिंदुवार रिपोर्ट ली गई।
समय पर काम पूरा करने के निर्देश
बैठक के अंत में अधिकारियों से कहा गया कि “किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए मास्टर प्लान की सड़कें समय पर तैयार हों, यह सर्वोच्च प्राथमिकता है।” नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और भविष्य उन्मुख सड़क सुविधा उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया गया।
