इंदौर
मानपुर थाना इलाके के ग्राम हासलपुर में घर के बाहर सीढ़ी निर्माण को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें महिलाओं सहित चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, पहले पक्ष के फरियादी सलीम पिता मेहमूद खान, जो पेशे से दूध व्यापारी हैं, ने बताया कि वे अपने घर के दरवाजे के सामने मिस्त्री से सीढ़ी बनवा रहे थे। इसी दौरान उनके चाचा हैदर खान और भाई भादर वहां पहुँचे और निर्माण का विरोध करते हुए गालीगलौज करने लगे। विवाद बढऩे पर आरोपियों ने डंडों से हमला कर दिया। जब सलीम की पत्नी निलोफर बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपियों ने उन पर भी डंडे से वार किया, जिससे उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। सलीम ने भादर, हैदर, भूरा, ओसाब और फिरदौस के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं, दूसरे पक्ष से मेडिकल स्टोर संचालक भादर पिता हैदर खान ने भी काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराई है। भादर का आरोप है कि सलीम सार्वजनिक रास्ते पर सीढ़ी का निर्माण कर रहा था, जिससे आवागमन में समस्या होती। जब उनके पिता हैदर ने सलीम को समझाने की कोशिश की, तो सलीम और उसकी पत्नी निलोफर ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में भादर के सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। पुलिस ने भादर की शिकायत पर सलीम और निलोफर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
