इंदौर।
आजाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मूसाखेड़ी इलाके में पुराने विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया। यहाँ बाइक सवार युवक और उसके दोस्त पर दो सगे भाइयों ने घात लगाकर हमला कर दिया। बदमाशों ने बीच सड़क पर गाली-गलौज करते हुए डंडों से जमकर पिटाई की, जिसमें दोनों दोस्त घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आलोक नगर निवासी फरियादी सन्नी पिता प्रकाश निमोरे अपने दोस्त सागर गोयल को मोटरसाइकिल से छोड़ने के लिए इदरीश नगर मूसाखेड़ी गया था। जैसे ही वे गली नंबर १९ में ‘लाला’ नामक व्यक्ति के घर के पास पहुँचे, वहां पहले से मौजूद आरोपी गोविंद अराठे और अरविंद अराठे ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पुराने विवाद का हवाला देते हुए सन्नी को सरेराह गालियां देना शुरू कर दिया।सन्नी ने जब गालियां देने का विरोध किया, तो दोनों भाइयों ने मारपीट शुरू कर दी। अपने दोस्त को पिटता देख जब सागर गोयल बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उस पर भी डंडों, लात और घूंसों से हमला कर दिया। हमले में सागर को काफी चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।आजाद नगर पुलिस ने फरियादी सन्नी की शिकायत पर आरोपी गोविंद और अरविंद अराठे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
