इंदौर
तुकोगंज थाना इलाके में पुराने लेनदेन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहाँ एक युवक पर उसके ही पड़ोसी ने न केवल थप्पड़-मुक्कों से हमला किया, बल्कि ईंट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव करने आई युवक की पत्नी के साथ भी आरोपी ने अभद्रता और मारपीट की। पुलिस के मुताबिक, रुस्तम का बगीचा निवासी शिवा पिता महेश चौरेले की रिपोर्ट पर क्षेत्र के ही रहने वाला आरोपी शैलेन्द्र पिता नंदकिशोर देलवाल के खिलाफ केस दर्ज किया गया।फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के बाहर खड़ा था इसी दौरान आरोपी शैलेन्द्र वहां पहुँचा। आरोपी पुराने लेनदेन की बात को लेकर अचानक फरियादी को गालियां देने लगा। जब फरियादी ने इसका विरोध किया और गाली देने से मना किया, तो आरोपी मारपीट पर उतारू हो गया। विवाद बढ़ते ही आरोपी ने फरियादी को थप्पड़ और मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने जमीन पर पड़ा ईंट का टुकड़ा उठाया और फरियादी के माथे पर दे मारा, जिससे उसे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। पति को पिटता देख जब फरियादी की पत्नी उसे बचाने दौड़ी, तो आरोपी ने उसके साथ भी झूमाझटकी की और बाल खींचकर मारपीट की। जाते-जाते आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
