इंदौर
राऊ थाना क्षेत्र के कैट रोड पर रविवार अलसुबह वर्चस्व को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो युवकों को रास्ते में रोककर बेरहमी से पीटा। हमले में दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद राजनीतिक दबाव के चलते शुरूआती घंटों में पुलिस कार्रवाई से बचती रही, लेकिन बाद में मामला दर्ज कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, सुदामा नगर निवासी प्रखर शर्मा और नयन बाफना रविवार सुबह एक कैफे से चाय पीकर अपनी स्कॉर्पियो कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कैट रोड पर भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष वेदांत तिवारी ने अपने साथी समीर शर्मा और आदित्य के साथ उनका पीछा किया। आरोपियों ने युवकों की कार के आगे अपनी गाड़ी अड़ाकर उन्हें रोका और डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। बदमाशों ने प्रखर और नयन वष्ठी स्कॉर्पियो के कांच फोड़ दिए और दोनों को खींचकर बाहर निकाला। मारपीट के दौरान दोनों युवकों के सिर में गहरी चोटें आईं। घायल अवस्था में दोनों युवक पहले निजी अस्पताल पहुँचे और प्राथमिक उपचार के बाद राऊ थाने शिकायत दर्ज कराने गए।
