प्रख्यात गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज द्वारा दिव्य गीता सत्संग के समापन पर घोषणा

इंदौर ग्लोबल इंस्पीरेशन एनलाइटनमेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ़ भगवद गीता (जीओ गीता) के संस्थापक देश के प्रख्यात गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने अपने इंदौर प्रवास के दौरान इंदौर में भी जीओ गीता की शाखा स्थापित करने की घोषणा करते हुए लायंस सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े समाजसेवी कुलभूषण मित्तल कुक्की के मार्गदर्शन में सीए पंकज गुप्ता को इंदौर इकाई का संयोजक नियुक्त किया है। संगठन के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप मित्तल ने रविवार को कनाड़िया रोड, मोर्या हिल्स स्थित कुसुम देवी छावछरिया सभागृह में आयोजित तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग के समापन पर इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि प्रथम चरण में इंदौर में दो हजार लोगों को संगठन का सदस्य बनाया जाएगा।
सत्संग के समापन प्रसंग पर आयोजन समिति की ओर से गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज का यजमान समूह की ओर से सम्मान भी किया गया। इस मौके पर महामंडलेश्वरजी ने स्वयं संगठन की इंदौर शाखा की स्थापना की घोषणा करते हुए कुलभूषण मित्तल कुक्की के मार्गदर्शन में इंदौर की गतिविधियों के लिए सीए पंकज गुप्ता को संयोजक नियुक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इंदौर जैसी धर्म और अध्यात्म प्रेमी नगरी में गीता को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में सार्थक प्रयास होंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी पुरुषोत्तम अग्रवाल (अग्रवाल ग्रुप) ने जीओ गीता द्वारा गीता के प्रचार प्रसार के लिए प्रकाशित पुस्तिकाओं के हिंदी संस्करण के वितरण का संकल्प व्यक्त किया तो महामंत्री प्रदीप मित्तल ने आश्वस्त किया कि इंदौर के सदस्यों और गीता प्रेमियों के बीच वितरण के लिए हिंदी गीता की 50 हजार पुस्तिकाएँ भेजी जाएंगी। इनका वितरण गीता पढने वालों के लिए ही संभव होगा। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने अधिक मास के दौरान, जिसे मलमास भी कहा जाता है-गीता के 15 वें अध्याय के एक-एक श्लोक का प्रतिदिन पाठ करने का आह्वान भी किया और उपस्थित भक्तों से आग्रह किया कि वे इस मलमास को निर्मल मास में बदलने के लिए नियमित रूप से गीता के कम से कम एक-एक श्लोक का पाठ स्वयं भी करें और अपने बच्चों को भी यह शिक्षा दें कि वे जीवन के महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत करते समय गीता के श्लोक का पाठ अवश्य करें।
संगठन द्वारा प्रकाशित गीता पुस्तिका में प्रत्येक कर्म के लिए अलग-अलग श्लोक और उनके भावार्थ भी प्रकाशित किए गए हैं जैसे खाना बनाते समय, स्नान करते समय, भोजन करते समाज, सोते समय और यात्रा पर जाते समय अथवा किसी अन्य महत्वपूर्ण प्रयोजन के लिए जाते समय कौन कौनसे श्लोक का पाठ करना चाहिए, इसका भी उल्लेख किया गया है। इंदौर में जीओ गीता की शाखा की स्थापना के साथ ही गीता को घर-घर तक पहुँचाने का अभियान भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।
