इंदौर। बिचौली मदार्ना क्षेत्र में रविवार देर रात एक डायपर और सेनेटरी पैड फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसे बुझाने में फायर ब्रिगेड की टीम को करीब ५ घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड के मुताबिक, देर रात करीब १:४४ बजे बिचौली मदार्ना स्थित दीपक पंवार के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। गांधी हॉल फायर स्टेशन से एएसआई शोभाराम मालवीय की टीम तत्काल दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुँची। जब टीम पहुँची, तब तक आग पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले चुकी थी। गोदाम में डायपर और सेनेटरी पैड्स जैसे ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैली। दमकल टीम ने करीब ३० हजार लीटर पानी का उपयोग किया और सुबह ५:३५ बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस हादसे में बड़ी मात्रा में तैयार डायपर, फर्नीचर, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गए। प्रारंभिक जांच में आग का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
