इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र स्थित एक गार्डन में टहलने जैसी सामान्य बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली रूप से टकरा जाने की बात पर तीन बदमाशों ने दो भाइयों के साथ जमकर मारपीट की और एक १७ वर्षीय नाबालिग को चाकू मारकर घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक चाकूबाजी की वारदात गत रात ९.४५ बजे गिरनारी गार्डन के पास हुई। घायल का नाम लक्की पिता दिनेश वर्मा (१७) निवासी क्लर्क कॉलोनी है। उसकी रिपोर्ट पर आरोपी राज, अरमान और गगन के खिलाफ केस दर्ज किया गया। फरियादी ने पुलिस को बताया कि रात के समय मैं और मेरा भाई पवन हम दोनों गिरनारी गार्डन में टहलने गए थे। वहां आरोपी भी टहलते हुए मिले। जब मैं और मेरा भाई टहल रहा था तो एक आरोपी मेरे भाई से टकरा गया। टकराने की बात को लेकर आरोपियों ने विवाद किया और गालियां देने लगे। हमने गालियां देने से मना किया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने अपनी जेब से चाकू निकालकर मुझपर वार कर दिया। चाकू पुट्ठे में लगने से चोट लगकर खून निकलने लगा। मैं चिल्लाया तो आस-पास के लोग आ गए,जिन्हे देखकर तीनों आरोपी भाग गए और जाते-जाते बोले कि आज के बाद यहां टहलने आए तो जान से मार देंगे।
