मजदूरी के विवाद को लेकर हमला
इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में काम और मजदूरी के विवाद को लेकर एक सगे भाई ने अपने ही भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। अलग काम करने की इच्छा जताने पर आरोपी भाई, भाभी और उनके बच्चों ने मिलकर युवक को सब्बल, तवे और लात-घूंसों से जमकर पीटा। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भाई सहित परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, परदेशीपुरा निवासी पवन ठोसरे ने अपने भाई नानेश्वर ठोसरे, भाभी कृष्णा बाई, भतीजी नेहा और भतीजे राजेश ठोसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पवन ने पुलिस को बताया कि उसका भाई नानेश्वर उस पर हमेशा साथ में काम करने का दबाव बनाता है, लेकिन साथ काम करने के बावजूद वह उसे मेहनत के पैसे नहीं देता। इसी के चलते पवन अब अपना अलग काम करना चाहता है। जब उसने भाई के साथ जाने से मना कर दिया, तो बीती रात नानेश्वर ने गाली-गलौच शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि पूरे परिवार ने मिलकर पवन पर हमला बोल दिया। आरोपी नानेश्वर ने लोहे की सब्बल से वार किया, जबकि भतीजे राजेश ने रसोई में इस्तेमाल होने वाले लोहे के तवे से उसे पीटा। इस दौरान भाभी कृष्णा बाई और भतीजी नेहा ने भी हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की। हमले में पवन के दोनों पैरों, बाएं हाथ की भुजा और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी यह धमकी देते हुए भाग निकले कि ‘अगर आइंदा साथ काम करने से मना किया, तो तुझे जान से खत्म कर देंगे।’ पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
