होटल की पार्किंग से जेवर चोरी
इंदौर।
तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित होटल की पार्किंग से डॉक्टर दंपति की कार का ताला खोले बिना कीमती जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात उस वक्त हुई जब दंपति होटल में इंटरव्यू के लिए गए थे और कार की चाबी होटल स्टाफ के पास थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर होटल के पार्किंग स्टाफ को संदेह के घेरे में लिया है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी डॉ. अदिति पाराशर, निवासी उज्जैन, अपने पति पवित्र पाराशर के साथ एक इंटरव्यू के सिलसिले में होटल सरोवर पोर्टिको आई थीं। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से अपनी सोने की चेन और एक जेंट्स अंगूठी कार की डिक्की के भीतर बने ग्लव बॉक्स में रख दी थी। इसके बाद, उन्होंने होटल की ह्यवैले पार्किंग’ सुविधा का उपयोग करते हुए कार की चाबी वहां मौजूद कर्मचारी को सौंप दी। जब डॉ. अदिति इंटरव्यू खत्म कर वापस लौटीं और कार की डिक्की चेक की, तो उनके होश उड़ गए। जेवरात के डिब्बे वहां मौजूद थे, लेकिन उनके भीतर से सोने की चेन और अंगूठी गायब थी। आरोपियों ने इतनी सफाई से चोरी को अंजाम दिया कि केवल खाली डिब्बियां ही मौके पर मिलीं। घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत तुकोगंज थाने पहुँचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ है जिसके पास कार की चाबी उपलब्ध थी। तुकोगंज पुलिस ने होटल के पार्किंग स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है और होटल के प्रवेश व निकास द्वारों सहित पार्किंग एरिया के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
——–
