इंदौर
बाणगंगा थाना इलाके में एमआर ४ रेलवे स्टेशन रोड पर हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। दो दिन से लापता ४२ वर्षीय व्यक्ति का शव शुक्रवार को रेलवे बाउंड्री वॉल के पास लहूलुहान हालत में मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले आरोपियों के साथ मृतक का शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था, जो बाद में खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है। डीसीपी राजेश व्यास ने बताया कि मृतक की पहचान खोजराज पिता लखन नारंगे (४२) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला था और इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में अपने भाई दुलेश्वर और तेजाराम के साथ किराए के मकान में रहता था। खोजराज एक फोटोग्राफी शॉप पर बाइंडिंग
का काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटा था और उसकी तलाश की जा रही थी। एमआर ४ पर लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन रोड के पास से गुजर रहे लोगों ने जब बाउंड्री वॉल के पास एक शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर देखा कि खोजराज के शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव थे। घटनास्थल के हालात देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाशों ने घेरकर उस पर ताबड़तोड़ हमले किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में खोजराज का अपने ही कुछ परिचितों या संदिग्धों से विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। पुलिस इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की आधिकारिक गिरफ्तारी कर ली जाएगी और हत्या के पीछे की असल वजह का खुलासा होगा।
