इंदौर
चंदन नगर थाना क्षेत्र में देर रात घर लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट और अड़ीबाजी की वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने युवक को रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और विरोध करने पर पत्थर से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी किशन पिता वलसिंह, निवासी मारुति पैलेस ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने काम से लौट रहा था। उसके सेठ ने उसे चंदू वाली गली के पास छोड़ा था, जहाँ से वह नाला पार कर पैदल अपने घर मारुति पैलेस की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुनसान रास्ते पर दो अज्ञात युवक आए और बिना किसी कारण के किशन को गालियां देने लगे। जब किशन ने गाली देने से मना किया और विरोध जताया, तो बदमाश उग्र हो गए। उनमें से एक ने पास पड़ा पत्थर उठाकर किशन के सिर पर दे मारा, जिससे उसका सिर फट गया और खून निकलने लगा। मारपीट के दौरान बदमाशों ने उसे लात-थप्पड़ों से भी पीटा। इस छीना-झपटी और लड़ाई में फरियादी के गले की चांदी की चेन भी टूटकर वहीं कहीं गिर गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी किशन को धमकाते हुए वहां से भाग निकले। उन्होंने जाते-जाते चेतावनी दी कि ह्यअगर आइंदा कहीं दिखा, तो जान से खत्म कर देंगे।’ घायल किशन ने जैसे-तैसे थाने पहुँचकर अपनी आपबीती सुनाई। चंदन नगर पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
