इंदौर
धार रोड पर चंदन नगर पुलिस की सजगता से गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा टल गया। पुलिस ने चेकिंग के दौरान अहमदाबाद जा रही एक निजी ट्रेवल्स की बस के चालक को अत्यधिक नशे की हालत में पकड़ा। इस दौरान पुलिस पर राजनैतिक दबाव भी बनाया गया, लेकिन टीआई ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए बस को जब्त कर लिया। थाना प्रभारी तिलक करोले के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्रीन पार्क कॉलोनी गेट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इंदौर से अहमदाबाद जा रही बस यूपी-१५ एचटी ८३५७ को रोका गया। चालक के बात करने के तरीके और आंखों की लाली देख जब ह्यब्रीथ एनालाइजर’ से उसकी जांच की गई, तो मशीन की रीडिंग २५० एमजी आई। नशे का यह स्तर इतना अधिक है कि चालक का वाहन पर नियंत्रण रखना नामुमकिन था।कार्रवाई के दौरान बस आॅपरेटर और कुछ रसूखदारों ने राजनैतिक गलियारों का हवाला देकर टीआई तिलक करोले पर दबाव डालने की कोशिश की। कई फोन आए, लेकिन टीआई ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ह्यदर्जनों यात्रियों की जान से समझौता नहीं होगा।’ पुलिस ने किसी भी दबाव को दरकिनार करते हुए बस को तत्काल थाने भिजवाया और चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का रखा ध्यान
बस जब्त होने के बाद यात्री बीच राह में परेशान न हों, इसके लिए पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाया। टीआई ने बस आॅपरेटर को सख्त निर्देश देकर दूसरी बस और नया चालक बुलवाया। पुलिस ने अपनी मौजूदगी में सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस में शिफ्ट कर रवाना किया। यात्रियों ने पुलिस की इस मुस्तैदी और संवेदनशीलता की जमकर प्रशंसा की। थाना प्रभारी ने बस संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि चालकों की लापरवाही पर अब सीधी जेल की कार्रवाई होगी।
