इंदौर
ग्रामीण क्षेत्र सिमरोल में बदमाशो के हौसले बुलंद हैं। बदमाशों ने अब आस्था के केंद्र को निशाना बनाते हुए सिमरोल थाना क्षेत्र स्थित परमहंस आश्रम चोरल के शिव मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर मंदिर का ताला तोड़कर भारी भरकम पीतल का घंटा चोरी कर ले गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस के मुताबिक, आश्रम निवासी ६४ वर्षीय अजुर्नानंद महाराज ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि ११ फरवरी की रात को वे हमेशा की तरह भोजन कर सो गए थे। जब अगले दिन सुबह करीब ६ बजे वे पूजन के लिए शिव मंदिर पहुँचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। मंदिर के द्वार का ताला टूटा हुआ था और भीतर लगा करीब २५ किलो वजनी पीतल का घंटा गायब था। चोरी की भनक लगते ही आश्रम प्रबंधन ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दो अज्ञात युवक रात के अंधेरे में मंदिर का ताला तोड़ते और फिर घंटा लेकर भागते हुए साफ नजर आ रहे हैं। चोरी गई घंटा की कीमत लगभग ७,००० रुपये बताई जा रही है। आश्रम के लोगों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के हुलिए और उनके भागने के रास्ते की पड़ताल कर रही है। गौरतलब है कि बदमाश इसके पहले भी सिमरोल क्षेत्र में लूट के इरादे से शिवनगर में एक आश्रम पर धावा बोल चुके है। बीते एक सप्ताह में दूसरी बार किसी धर्मस्थल या आश्रम को बदमाशो ने निशाना बनाया है।
