इंदौर। गांधी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरनार परिसर में मल्टी के मेंटेनेंस और लिफ्ट संचालन की चर्चा के दौरान खूनी संघर्ष हो गया। मामूली बात पर शुरू हुए विवाद में दो भाइयों ने अपने ही पड़ोसियों पर तलवार और डंडे से हमला कर दिया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरियादी ममता चौहान निवासी गिरनार परिसर ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई जितेंद्र पंवार और मां शारदा बाई के साथ मल्टी के अन्य रहवासियों से मेंटेनेंस एवं लिफ्ट के संचालन को लेकर चर्चा कर रही थीं। इसी दौरान वहां रहने वाले दो भाई जसपाल और गुरुचरण पिता मदन सिंह वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब ममता और उनके भाई ने विरोध किया, तो विवाद मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने आव देखा न ताव और हमला बोल दिया। जसपाल ने लकड़ी के डंडे से जितेंद्र पंवार की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनके हाथ, पीठ और पैर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची ममता पर भी आरोपियों ने रहम नहीं किया। जसपाल के कहने पर गुरुचरण घर से तलवार निकाल लाया और ममता के सिर व हाथ पर तलवार के उल्टे हिस्से से वार किया। हमले में भाई-बहन दोनों घायल हुए हैं। गांधी नगर पुलिस ने ममता चौहान की शिकायत पर आरोपी जसपाल और गुरुचरण के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
