इंदौर। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे श्मशान घाट को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। किशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पिगडंबर के श्मशान घाट से अज्ञात बदमाशों ने चिता के लिए उपयोग होने वाले लोहे के भारी-भरकम स्टैंड चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फरियादी जितेंद्र वर्मा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि ग्राम पिगडंबर स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए लोहे के स्टैंड रखे हुए थे। जब सामान की गिनती की गई, तो पाया कि ८ नग लोहे के स्टैंड गायब हैं। चोरी हुए इन स्टैंडों की कुल कीमत लगभग २५ हजार रुपये बताई जा रही है। ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर इन स्टैंडों की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस की शरण ली।
