इंदौर
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में बायपास पर कल दोपहर आगजनी की एक दुखद घटना सामने आई। एक झोपड़ी में अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते पास की दो अन्य झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में तीन मजदूर परिवारों का राशन, कपड़े और घर-गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड के मुताबिक , बीती दोपहर के समय अचानक लगी आग ने विकराल रूप ले लिया था। आग की लपटें उठती देख झोपड़ियों में रह रहे परिवारों में भगदड़ और हड़कंप मच गया। लोग अपनी जान बचाकर बाहर भागे, लेकिन तब तक आग ने सुरेश, सीमा और राधा बाई की झोपड़ियों को पूरी तरह अपनी जद में ले लिया था।सूचना मिलते ही मोती तबेला फायर स्टेशन से एमआई संतोष दुबे की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लगभग १० हजार लीटर पानी का उपयोग कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, आग बुझने तक इन गरीब परिवारों का काफी नुकसान हो चुका था। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि खाना बनाते समय चिंगारी निकलने या शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ होगा।
