इंदौर।
विजय नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर ५ लाख रुपये की चपत लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत और शुरुआती जांच के बाद एक फाइनेंस कंपनी से जुड़े पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का
प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी विशाल शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने उन्हें लोन दिलाने के नाम पर अपने जाल में फंसाया। यह पूरी वारदात शगुन आर्केड के समीप स्थित ‘क्विकराइट फाइनेंस कंपनी’ के ऑफिस में अंजाम दी
गई। आरोपियों ने लोन प्रोसेसिंग और अन्य शुल्कों के नाम पर विशाल से कुल ५ लाख रुपये ऐंठ लिए, लेकिन उन्हें लोन नहीं मिला। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धोखाधड़ी और प्रताड़ना की धाराओं के तहत आरोपी। शिवम तिवारी, नीलेश सोनी, देवेन्द्र गोलकर, विनय नागर और मिताली यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें लोन दिलाने के बजाय मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और धमकाया। विजय नगर पुलिस अब कंपनी के दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों ने अन्य कितने लोगों को इसी तरह अपना शिकार बनाया है ।
