इंदौर। खुशियों के माहौल के बीच शनिवार शाम एबी रोड पर एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। धामनोद से इंदौर आ रह एक बारात की कार को तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे में दूल्हा और उनके परिजन पूरी तरह सुरक्षित हैं, हालांकि टक्कर के बाद टैंकर सड़क पर ही पलट गया। पुलिस के मुताबिक, हादसा पीथमपुर सेक्टर-१ क्षेत्र में संजय जलाशय के समीप हुआ। दूल्हा कार क्रमांक एमपी-१० टी १६९७ में सवार होकर अपनी बारात के साथ धामनोद से इंदौर की ओर जा रहा था तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित पानी के टैंकर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर बीच सड़क पर पलट गया, जिससे टैंकर चालक को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर राहगीरों की मदद से पलटे हुए टैंकर को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारु कराया। दूल्हे की कार क्षतिग्रस्त होने के कारण, उसे पीछे आ रही बारात की बस में बैठाकर इंदौर के लिए रवाना किया गया। सूचना मिलते ही पीथमपुर पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने बताया कि किसी के हताहत न होने से बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल टैंकर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
