इंदौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने काफी समय से फरार चल रहे १० हजार रुपये के इनामी आरोपी को तीन इमली बस स्टैंड से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। क्राइम ब्रांच ने कुछ समय पहले एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गोरेलाल निंगवाल को पकड़ा था। उसके कब्जे से २१ किलो ५०५ ग्राम गांजा अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब ८ लाख रुपये और तस्करी में प्रयुक्त एक चारपहिया लोडिंग वाहन जब्त किया गया था। पूछताछ में फरार आरोपी मगन अखाड़े निवासी बागली, जिला देवास की भूमिका सामने आई थी, जिसके बाद उस पर १० हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इनामी तस्कर मगन अखाड़े शहर से बाहर भागने की फिराक में तीन इमली बस स्टैंड पर खड़ा है। पुलिस ने बिना देरी किए तकनीकी विश्लेषण और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वे सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर इंदौर के नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। फरार इनामी बदमाश को पकड़ने वाली टीम को घोषित इनाम राशि दी जाएगी। पुलिस अब मगन से उसके अन्य साथियों और नशे के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है ताकि तस्करी की जड़ तक पहुँचा जा सके।
