इंदौर। पलासिया थाना इलाके के मनोरमागंज में अज्ञात बदमाशों ने एक डॉक्टर के सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर की अलमारी का लॉकर तोडक़र नकदी सहित घरेलू सामान ले उड़े। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक, वारदात मनोरमागंज निवासी डॉ. पुलकित चतुर्वेदी के घर पर हुई। डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि वे किसी काम से बाहर गए थे, तभी सूने घर का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश मुख्य द्वार का ताला तोडक़र अंदर दाखिल हुए। बदमाशों ने घर के कमरों की तलाशी ली और अलमारी के लॉकर को औजारों की मदद से तोड़ दिया। चोरों ने वहां रखे 30 हजार रुपये नगद, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और किचन में रखे कीमती बर्तन भी समेट लिए। डॉक्टर जब वापस लौटे तो उन्हें घर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। डॉ. पुलकित ने पलासिया थाने पहुँचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों के आने-जाने के रास्तों का पता लगा रही है।
