इंदौर
एमआईजी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गाली-गलौज का विरोध करने पर दो बदमाशों ने मिलकर दो युवकों की बेरहमी से पिटाई की और एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 9:00 बजे नंदा नगर स्थित आस्था टॉकीज के सामने हुई। फरियादी आकाश पाल निवासी विनोबा नगर अपने दोस्त शुभम गुप्ता के साथ उसके घर के पास खड़ा था। इसी दौरान वहां नंदा नगर के ही रहने वाले बदमाश प्रशांत जैन और उसका साथी देव उर्फ छोटू विश्वकर्मा पहुँचे और बिना कारण गाली-गलौज करने लगे। जब शुभम गुप्ता ने गाली देने का विरोध किया, तो आरोपी भडक़ गए। आरोपी छोटू ने डंडे से शुभम के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने आकाश और शुभम को डंडों और हाथ-थप्पड़ों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। विवाद के दौरान आरोपी प्रशांत जैन ने अपनी कमर से चाकू निकाला और शुभम की जांघ पर मार दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल शुभम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। एमआईजी पुलिस ने आकाश पाल की शिकायत पर आरोपी प्रशांत जैन और देव उर्फ छोटू विश्वकर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
