इंदौर। कनाडिय़ा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त फीकी पड़ गईं, जब एक फोटोग्राफर का कीमती सामान से भरा बैग चोरी हो गया। अज्ञात आरोपी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर हजारों रुपये के कैमरा उपकरण और अन्य सामान लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी विशाल पिता करतार यादव निवासी हपाखेड़ी, जिला गुना ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह बिचोली मर्दाना स्थित पटेल धर्मशाला में आयोजित एक शादी कार्यक्रम में आया हुआ था। विशाल ने अपना बैग एक सुरक्षित स्थान पर रखा था और वह काम में व्यस्त था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर उसका बैग वहां से पार कर दिया। फरियादी ने पुलिस को बताया कि चोरी गए बैग में काफी कीमती सामान था, जिसमें एक सोनी कंपनी की कैमरा बॉडी, तीन महंगे कैमरा लैंस, कैमरा चार्जर, दो एक्स्ट्रा बैटरी, एक मोबाइल चार्जर और दो जोड़ी व्यक्तिगत कपड़े रखे थे। कनाडिय़ा पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस धर्मशाला और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
