इंदौर
पलासिया थाना क्षेत्र अंतर्गत विनोबा नगर में मकान पर कब्जे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि लात-घूंसों के साथ-साथ चाकू भी निकल आए। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत विनोबा नगर स्थित एक मकान को खाली कराने की बात पर हुई। पहले पक्ष से दीपक पिता विष्णु बौरासी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके मामा का लडक़ा रजत कैथवास उसे और उसके परिवार को घर से निकलने की धमकी दे रहा था। रजत ने गालियां देते हुए कहा कि ‘घर से निकल जाओ वरना जिंदा नहीं छोड़ेंगे।’ जब दीपक ने विरोध किया, तो रजत ने उसे जमीन पर पटक दिया और चाकू से हमला कर दिया। चाकू दीपक के कंधे में लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष से रजत कैथवास ने भी दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। रजत का आरोप है कि उसकी मां नंदा और उसकी बुआ के बीच घर खाली करने को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी बीच आरोपी दीपक वहां पहुंचा और गालियां देने लगा। जब रजत ने बीच-बचाव किया, तो दीपक ने उसे जमीन पर पटककर लात-घूंसों से जमकर पीटा, जिससे उसकी पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
