मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव और मंत्री राकेश सिंह के प्रति जताया आभार
इंदौर
डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्ष 2026–27 के बजट में सांवेर विधानसभा क्षेत्र सहित इंदौर जिले में लगभग 294 करोड़ रुपये लागत की 13 सड़कों की सौगात दी गई है। सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों को स्वीकृति प्रदान किए जाने पर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि सिंहस्थ महापर्व 2028 को दृष्टिगत रखते हुए बजट में इंदौर जिले में मुख्य रूप से 185 किलोमीटर लम्बाई की 13 सड़कें स्वीकृत हुई है, इनके निर्माण के लिए लगभग 294 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। बजट में स्वीकृत सड़क परियोजनाओं से सांवेर विधानसभा क्षेत्र को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सांवेर क्षेत्र सहित जिले के अन्य क्षेत्र के अंतर्गत जिन प्रमुख सड़कों को स्वीकृति मिली है, उनमें पंचडेरिया से इमलीखेड़ा (भवानी माता मंदिर) मार्ग (2.5 किमी, लागत 4.50 करोड़ रुपये), देवगुराड़िया डबल चौकी मार्ग (व्हाया कम्पेल, पेड़मी, शिवनी) (17 किमी, लागत 17 करोड़ रुपये), इंदौर–कांकरिया–सेमल्याचाऊ मार्ग (8.03 किमी, लागत 8 करोड़ रुपये), खेमाना, आख्या, गोगाखेड़ी मार्ग (4 किमी, लागत 8 करोड़ रुपये), बालोदा ग्राम से बालोदा रेलवे स्टेशन मार्ग (4.4 किमी, लागत 3.79 करोड़ रुपये), धरमपुरी–सोलसिंदा पहुंच मार्ग (1.8 किमी, लागत 3.15 करोड़ रुपये), हातोद–अजनोद मार्ग (16 किमी, लागत 18 करोड़ रुपये), इंदौर–उज्जैन रोड रिंगनोदिया संजय नगर से मुरादपुरा मार्ग (3.7 किमी, लागत 6 करोड़ रुपये), पानोद-चिमली मार्ग से बड़ोदिया खान मार्ग (4.3 किमी, लागत 8 करोड़ रुपये) तथा पिवडाय से मुंडला दोस्तार मार्ग (4.5 किमी, लागत 6 करोड़ रुपये) बरलाई जागीर–धरमपुरी–कटक्या पालिया रेलवे स्टेशन तक मार्ग (25.36 किमी, लागत 70 करोड़ रुपये) तथा धार से सादलपुर–केसुर–देपालपुर–सांवेर मार्ग (90 किमी, लागत 135 करोड़ रूपये) शामिल हैं।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि इन स्वीकृत सड़कों से क्षेत्र के अनेक गांवों को सभी मौसमों में सड़क सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को लाभ होगा।
