मुक्ति धाम विकास के लिए स्वीकृत राशि पर नागरिकों ने जताया आभार; ब्लड कैंसर से जूझ रही बच्ची ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को कहा धन्यवाद

इंदौर
हर मंगलवार की तरह इस मंगलवार को भी कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखीं। कलेक्टर शिवम वर्मा ने लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान ड्यूटी के समय दुर्घटना में घायल एक नगर निगम कर्मी श्री किरण गर्दे का मामला भी सामने आया। इस पर संवेदनशीलता दिखाते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निगम कर्मी का पूर्ण एवं समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसी दौरान महूगांव स्थित मुक्ति धाम की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 2 करोड़ रुपए की स्वीकृति दिए जाने पर मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करने स्थानीय प्रतिनिधि कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर श्री शिवम वर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधियों ने बताया कि स्वीकृत राशि से मुक्ति धाम में आवश्यक सुविधाओं का विकास होगा, जिससे आमजन को बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकेंगी।
जनसुनवाई में ब्लड कैंसर से जूझ रही एक बच्ची भी अपने पिता श्रीकांत प्रजापत के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंची और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का धन्यवाद ज्ञापित किया। बच्ची के पिता ने बताया कि इंदौर के सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल में बच्चों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही बच्चों के मानसिक उत्साह को बनाए रखने के लिए अस्पताल में प्ले जोन और अध्ययन की व्यवस्था भी करायी गई है, उन्होंने इस पहल को सराहनीय बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में सभी विभागीय अधिकारियों और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पंवार, श्री रोशन राय, श्री रिंकेश वैश्य ने जनसुनवाई में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।
