लार्ड बेडेन पावेल एवं लेडी ओलेव वेडन के जन्मदिवस पर जाल सभागृह में आयोजन

इंदौर स्काउट आन्दोलन के संस्थापक लार्ड बेडेन पावेल एवं लेडी ओलेव वेडन के जन्मदिवस पर जाल सभागृह में स्काउट रामदास केदारमल सुकृत न्यास द्वरा स्काउट आंदोलन को जन-जन तक पहुँचाने वाले वरिष्ठजनों का सम्मान कर उन्हें श्रद्धानिधि एवं प्रशस्तिपत्र भेंटकर अलंकृत किया गया। इस मौके पर स्काउट दलों के लिए तैयार की गई प्रशिक्षण सामग्री का भी लोकार्पण किया गया।
प्रारंभ में ट्रस्ट के अध्यक्ष रामदास गोयल, भगवान अग्रवाल एवं मोहनलाल गोयल ने वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन ऑफ़ स्कॉउट मूवमेंट के एशिया पेसिफिक सपोर्ट सेंटर के डायरेक्टर एस. प्रसन्ना श्रीवास्तव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल के सेंट मोंट फोर्ड विद्यालय की एल.टी. गाइड श्रीमती आशा सिंह एवं बैतूल में पिछले 50 वर्षों से स्काउट आंदोलन की ध्वजा फहरा रहे वरिष्ठ स्काउटर श्रवण कुमार दवंडे का शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मान किया। श्रीमती सिंह एवं दवंडे को ट्रस्ट की ओर से 21-21 हजार की श्रद्धानिधि भी भेंट की गई। कार्यक्रम में स्काउट दलों के लिए तैयार की गई प्रशिक्षण सामग्री का अनावरण भी किया गया। प्रशस्ति पत्र का वाचन डॉ. लोकेश जोशी ने किया। संचालन किया ट्रस्ट के मंत्री कुणाल मिश्र ने। ट्रस्ट के अध्यक्ष रामदास गोयल ने सबके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्काउट का आंदोलन कर्तव्य, सेवा और अनुशासन का जीवंत उत्सव है, जो आज के दौर में अत्यंत प्रासंगिक और महत्वपूर्ण भी है।
प्रारंभ में स्काउट गाइड बच्चों ने बाल गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों ने आंदोलन के संस्थापकों के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के बाद स्थानीय स्काउट आंदोलन को जन-जन तक पहुँचाने वाले स्काउट गुरुजनों स्व. रामचंद्र राहगीर, स्व. उदयभानु आमेरिया, स्व. प्रकाश दिसोरिया एवं स्व. सेठ श्यामदास अग्रवाल के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन समर्पित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्काउट अभियान से जुड़े अनेक बंधु एवं शहर के गणमान्य जन उपस्थित थे। वन्दे मातरम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
