इंदौर
एमआईजी थाना क्षेत्र में मानवता और दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक शख्स ने अपने ही दोस्त की पत्नी के साथ उस वक्त बदसलूकी की, जब उसका दोस्त घर पर मौजूद नहीं था। आरोपी ने न केवल महिला के साथ अश्लील हरकत की, बल्कि शोर मचाने पर उसे और उसके मासूम बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने पुलिस को दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उसके पति काम के सिलसिले में शहर से बाहर गए हुए थे। घटना वाले दिन उसके पति का दोस्त अंकित पाल, जो मूल रूप से अशोक नगर का निवासी है और वर्तमान में रोबोट चौराहे के पास रह रहा है, उनके घर पहुँचा। पीड़िता अंकित को लंबे समय से जानती थी, इसलिए उसने सम्मान के तौर पर दरवाजा खोला और उसे घर के अंदर बैठाकर चाय-नाश्ता कराया। महिला जब नाश्ते के बर्तन उठाने लगी, तभी अंकित ने उसका हाथ पकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लगा। अचानक हुए इस हमले से महिला घबरा गई और उसने विरोध करते हुए खुद को छुड़ाया। जब महिला ने शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी अंकित जाते-जाते उसे धमकी देकर गया कि यदि उसने इस बारे में किसी को भी बताया, तो वह उसे और उसके दोनों बच्चों को जान से खत्म कर देगा। डरी-सहमी महिला ने पति के लौटने पर उन्हें पूरी बात बताई, जिसके बाद एमआईजी पुलिस थाने पहुँचकर आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कराया गया।
