इंदौर
विजयनगर थाना क्षेत्र में एक युवती को परेशान करने और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने का मामला सामने आया है। राजस्थान के बारां जिले के रहने वाले एक युवक ने दोस्ती टूटने के बाद युवती का जीना दूभर कर दिया। आरोपी न केवल नए नंबरों से फोन कर युवती को धमका रहा है, बल्कि उसके परिजनों और सहेलियों को भी आपत्तिजनक मैसेज भेजकर उसे बदनाम कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, २० वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर आरोपी यशवन्त नामा निवासी जिला बारां (राजस्थान) के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।कुछ समय पहले पीड़िता की जान पहचान आरोपी यशवंत से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन जल्द ही आरोपी ने युवती पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती ने जब शादी से इनकार किया और उससे बातचीत बंद कर दी, तो आरोपी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। वह आए दिन पीड़िता का पीछा करने लगा और उसे बुरी नीयत से परेशान करने लगा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया था, लेकिन इसके बाद आरोपी ने हदें पार कर दीं। वह हर दिन नए-नए नंबरों से फोन कर परेशान करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता की मां, उसकी सहेलियों और अन्य परिचितों को कॉल करना शुरू कर दिया। उसने इंस्टाग्राम पर भी पीड़िता के बारे में अनुचित और अनर्गल बातें लिखकर मैसेज भेजे, जिससे युवती की लज्जा भंग हुई और उसे मानसिक आघात पहुँचा। जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, तो वह उसे जान से खत्म कर देगा।
