सीमंधर स्वामी जिनालय जती कॉलोनी पर कल सुबह पालीताणा
पहाड़ की प्रतिकृति की साक्षी में होगी गिरिराज भाव तीर्थ यात्रा

इंदौर
जती कॉलोनी, रामबाग स्थित सीमंधर स्वामी जिनालय पर रविवार 1 मार्च को फागुन सुदी तेरस पर सुबह 8.30 बजे स्नात्र पूजन एवं 9 बजे से श्री गिरिराज भाव तीर्थ यात्रा का दिव्य आयोजन आगम-प्रशम ब्रजरत्न सागर म.सा. की पावन निश्रा में होगा। इस अवसर पर जिनालय पर पालीताणा पहाड़ की प्रतिकृति का निर्माण भी किया गया है जिसकी साक्षी में हजारों भक्त इस भाव यात्रा का श्रवण कर फागुनी तेरस का उत्सव मनाएंगे।
इस शुभ प्रसंग पर प.पू. साध्वी दमिताश्रीजी म.सा., प.पू. साध्वी चारूधर्माश्रीजी एवं प.पू. दिव्ययशाश्रीजी म.सा. सहित शहर में विराजित साधु-साध्वी-भगवंतों की निश्रा भी प्राप्त होगी।
अर्बुद गिरिराज जैन श्वेताम्बर तपागच्छ उपाश्रय ट्रस्ट पीपली बाजार के अध्यक्ष पारस बोहरा, कार्याध्यक्ष पुण्यपाल सुराना एवं सचिव दिलीप मंडोवरा ने बताया कि फागुन सुदी तेरस पर शत्रुंजय तीर्थराज की यात्रा एवं दर्शनों का पौराणिक महत्व माना गया है। जैन श्वेताम्बर समाज में फागुन तेरस को बड़ा त्यौहार माना जाता है। गुजरात के पालीताणा तीर्थ में इस दिन असंख्य मुनियों ने मोक्ष प्राप्त किया था। इस उपलक्ष्य में देशभर से आए लाखों लोग वहां 27 किलोमीटर की 6 गांवों की यात्रा बड़े उत्साह एवं भक्ति भाव के साथ करते हैं लेकिन अनेक लोग पालीताणा नहीं जा पाते हैं इसलिए ट्रस्ट की ओर से रविवार को जती कॉलोनी स्थित जिनालय पर शत्रुंजय तीर्थ की भाव यात्रा का दिव्य आयोजन किया जा रहा है।
गिरिराज, शत्रुंजय, सिद्धांचल तीर्थ एवं पालीताणा एक ही स्थान के नाम है। कार्यक्रम संयोजक शेखर गेलडा एवं कैलाश नाहर ने बताया कि इस अवसर पर भाव यात्रा के बाद पाल भक्ति का आयोजन भी जिनालय पर होगा जिसमें प्रभावना स्वरुप विभिन्न व्यंजनों के स्टाल लगाए जाते हैं। पाल भक्ति एवं संघ पूजन के लाभार्थी विपिन-प्रियंका एवं श्रेयांस कोचर महिदपुर वाले होंगे।
